गया , अप्रैल 29 -- हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव पर हमला करते हुए उन्हें "जंगलराज का युवराज" बताया है। डॉ. सुमन ने आज शहर में एक निजी अस्पताल के उद्घाटन समारोह के दौरान पत्रकारों से बातचीत में कहा कि तेजस्वी यादव "जंगलराज के युवराज" हैं। उन्होंने सुल्तानगंज में एक अधिकारी की हत्या की घटना पर तेजस्वी यादव द्वारा किए गए ट्वीट का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि ऐसी घटनाओं में उनकी ही पार्टी के लोगों की भूमिका हो सकती है।

डॉ. सुमन ने कहा कि राज्य सरकार अपराध के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश का हवाला देते हुए कहा कि इस तरह का दुस्साहस करने वालों को कड़ा अंजाम भुगतना पड़ेगा।उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिहार में "जीरो टॉलरेंस" की नीति लागू है और आगे भी जारी रहेगी, जिससे अपराधियों में भय बना रहेगा।

डॉ. सुमन ने इस मौके पर कहा कि नए अस्पताल के खुलने से गया शहर के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी और मरीजों को आधुनिक इलाज उपलब्ध होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित