पटना , अप्रैल 05 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल ने रविवार को कहा कि बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को भ्रष्टाचार और घोटालों की संस्कृति विरासत में मिली है और प्रदेश की जनता भविष्य में ऐसे नेताओं को बर्दास्त करने वाली नही हैं।
श्री पटेल ने आज बयान जारी कर कहा कि बिहार के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले और विकास के ककहरे से अनजान नेताओं का असली चेहरा जनता के सामने बेनकाब हो चुका है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता श्री यादव को बिहार के विकास से कोई सरोकार नही है और उनका एकमात्र उद्देश्य सत्ता की कुर्सी हथियाना और अपने परिवार के कुनबे को आगे बढ़ाना है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि तेजस्वी यादव को राजनीति में भ्रष्टाचार और घोटालों की वह कार्यसंस्कृति विरासत में मिली है, जिसने बिहार को दशकों पीछे धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि जिस उम्र में युवा अपने भविष्य के लिए संघर्ष करते हैं, उसी उम्र में तेजस्वी यादव ने बेनामी संपत्तियों और घोटालों के रिकॉर्ड बना डाले। उनके लिए राजनीति जनसेवा का माध्यम नहीं, बल्कि अपनी तिजोरियां भरने का एक पारिवारिक व्यवसाय बन गया।
श्री पटेल ने कहा कि बिहार के विकास की बात करना तेजस्वी यादव के लिए केवल एक चुनावी जुमला है। हकीकत यह है कि उन्हें बिहार की जमीनी समस्याओं, आर्थिक नीतियों और विकास के रोडमैप का रत्ती भर भी ज्ञान नहीं है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति विकास की बुनियादी समझ तक नहीं रखता, वह प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का सपना देखने का सिर्फ ढोंग कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति के पास न कोई नीति, न कोई स्पष्ट विज़न और ना हीं कोई ठोस योजना है, वह केवल बयानबाजी और भ्रम फैलाकर राजनीति कर सकता है। उन्होंने कहा कि श्री यादव भी कुछ वैसा ही कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित