पटना , मई 25 -- हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने सोमवार को कहा कि तेजस्वी यादव को अफवाहों और भ्रम की राजनीति छोड़ जनहित के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिये। श्री सुमन ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीति केवल अफवाहों, भ्रम और अनर्गल आरोपों के सहारे नहीं चल सकती। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता और विपक्ष दोनों की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदार होती है, लेकिन विपक्ष का दायित्व केवल विरोध करना नहीं बल्कि जनता के हित में रचनात्मक सुझाव देना भी होता है।
डॉ.सुमन ने कहा कि तेजस्वी यादव लगातार जनहित के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब केवल बयानबाजी और भ्रम फैलाने वाली राजनीति को समझ चुकी है। जनता विकास, रोजगार, शिक्षा, सामाजिक न्याय और गरीबों-वंचितों के उत्थान की राजनीति चाहती है, न कि केवल राजनीतिक अफवाहों का माहौल।
मंत्री डॉ. सुमन ने कहा कि लोकतंत्र में स्वस्थ आलोचना आवश्यक है, लेकिन निराधार आरोपों और राजनीतिक भ्रम के सहारे अपनी जमीन बचाने की कोशिश करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जवाबदेही निभाना होना चाहिए।
डॉ. सुमन ने कहा कि बिहार की जनता विकास और स्थिरता चाहती है। ऐसे में विपक्ष को भी चाहिए कि वह नकारात्मक राजनीति छोड़कर राज्य के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मर्यादा, संयम और जिम्मेदारी ही सबसे बड़ी ताकत होती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित