पटना , अप्रैल 23 -- हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए गुरूवार को कहा कि तेजस्वी यादव और सम्पूर्ण महागठबंधन में सम्राट चौधरी का खौफ साफ दिखाई दे रहा है, यही कारण है कि वे लगातार अनर्गल बयानबाजी कर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
डॉ. सुमन ने आज बयान जारी कर कहा कि जिन लोगों के शासनकाल में बिहार "जंगलराज" का पर्याय बन गया था, वे आज कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं, यह हास्यास्पद है। उन्होंने आरोप लगाया कि लालू-राबड़ी राज में अपहरण, हत्या, लूट और अराजकता चरम पर थी, जबकि आज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के नेतृत्व में कानून का राज स्थापित है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास, सुशासन और सुरक्षा के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के कारण अपराधियों में भय का माहौल है और आम जनता खुद को पहले से अधिक सुरक्षित महसूस कर रही है।
डॉ. सुमन ने कहा कि तेजस्वी यादव को बयान देने से पहले अपने परिवार के शासनकाल का आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता सब कुछ देख और समझ रही है। जनता अब विकास और सुशासन के साथ खड़ी है, न कि जंगलराज की ओर लौटना चाहती है।उन्होंने कहा कि विपक्ष को नकारात्मक राजनीति छोड़कर राज्य के विकास में सहयोग करना चाहिए, लेकिन महागठबंधन के नेता केवल भ्रम फैलाने और राजनीतिक अस्तित्व बचाने की कोशिश में लगे हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित