पटना , अप्रैल 27 -- बिहार की पूर्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता श्रेयसी सिंह ने बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के महिला आरक्षण मामले में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार(राजग) को कटघरे में खड़े करने वाले बयान पर कहा कि श्री यादव अपनी राजनीतिक जमीन बचाने में लगे हैं, उनको महिलाओं के आरक्षण की कोई चिंता नही है।
सुश्री सिंह ने कहा कि राजग ने महिलाओं के साथ कोई विश्वासघात नहीं किया, बल्कि उन्हें सशक्त, आत्मनिर्भर और सम्मानित बनाने का काम किया है। उन्होंने तेजस्वी यादव को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि वह राजग सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगाने के बजाय अपने शासनकाल में महिलाओं के लिए किए गए किसी भी ठोस कार्य के बारे में बताएं। उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि राजद के शासनकाल में महिलाएं भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर थीं।
बिहार सरकार की पूर्व मंत्री ने कहा कि आज बिहार में महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था का मजबूत हिस्सा भी बन चुकी हैं। यह बदलाव राजग सरकार की नीतियों और संकल्प का परिणाम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित