पटना , सितंबर 04 -- बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तथा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को वैशाली जिले में राघोपुर के आसपास बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लेने के बाद राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि उसने बाढ़ पीड़ितों की सुरक्षा, राहत एवं बचाव के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं की है।
श्री यादव ने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों की वास्तविक स्थिति चिंताजनक और गंभीर है, जबकि बिहार सरकार की ओर से किए जा रहे दावों और जमीनी हकीकत में काफी अंतर है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा, राहत और बचाव सुनिश्चित करने के लिए समुचित उपाय और ठोस व्यवस्था नहीं की गई है।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि बिहार में बाढ़ आती नहीं बल्कि लाई जाती है और इसके राहत कार्य के बम पर सरकारी तन्त्र भ्रष्टाचार में लिप्त हो जाता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष तटबंध निर्माण, कटाव निरोधी कार्य, आपदा प्रबंधन, बाढ़ राहत-बचाव और राहत शिविरों के नाम पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रदेश में बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
श्री यादव ने कहा कि डबल इंजन सरकार बाढ़ के संकट का स्थायी समाधान खोजने में विफल रही है। उन्होंने सवाल किया कि जब हर वर्ष तटबंधों के नाम पर चार-पांच हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाते हैं तो बार बार ये बांध क्यों टूट जाते हैं।
राजद नेता ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार के पास बाढ़ से निपटने की कोई दीर्घकालिक योजना और स्पष्ट दृष्टि नहीं है। इसके कारण राज्य के लोगों को प्रत्येक वर्ष बाढ़ जैसी आपदा का सामना करना पड़ता है।
श्री यादव ने सरकार से बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने तथा बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी दीर्घकालिक योजना तैयार करने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित