पटना , जून 15 -- बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोमवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर पटना के ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के मालिक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के एक होटल में संदेहास्पद स्थिति में मौत की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने की मांग की है।
श्री यादव ने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री चौधरी से कहा है कि पिछले दिनों बिहार की राजधानी स्थित दो कोचिंग संस्थानों के आपसी विवाद के बाद कथित रूप से मारपीट, तोडफोड़ एवं गोलीबारी की घटना घटित हुई, जिसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कोचिंग संचालक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की संदेहास्पद स्थिति में नेपाल में मृत्यु होने की खबर फैलने के बाद यह मामला और गंभीर हो चुका है।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इस मामले में सरकार और राज्य पुलिस की कार्यशैली और निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्न चिन्ह लग रहे है।
श्री यादव ने अपने पत्र में मुख्यमंत्री श्री चौधरी से अनुरोध किया है कि जनभावना को देखते हुए इस मामले को सीबीआई को सुपुर्द कर दिया जाए, जिससे इसकी निष्पक्ष, प्रभावी एवं गहराई से जांच हो सके तथा जांचोपरांत दोषी आरोपियों पर समुचित विधिसंगत कार्रवाई सुनिश्चित हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित