पटना , मई 15 -- बिहार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर हमला करते हुए कहा कि उन्हें अपराध पर उपदेश देने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
श्री कुशवाहा ने आज बयान जारी कर कहा कि बिहार में कानून का राज पूरी सख्ती से कायम है और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई की जा रही है।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि लालू-राबड़ी शासनकाल में सत्ता-पोषित अपराधियों को मुख्यमंत्री आवास में प्रश्रय दिया जाता था, जबकि आज ऐसे तत्वों को कानून के शिकंजे में जकड़कर सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है।उन्होंने कहा कि यह विडंबना की पराकाष्ठा है कि जिनकी राजनीति की नींव ही अपराध पर टिकी रही हो और जिनका अतीत 'जंगलराज' के काले अध्यायों से दागदार रहा हो, वही आज कानून-व्यवस्था के स्वयंभू पैरोकार बनने का ढोंग कर रहे हैं।
श्री कुशवाहा ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के शासनकाल में सत्ता-संरक्षित अपराधियों के भय से आम लोगों का जीना मुहाल था। लोग पलायन करने को मजबूर थे, महिलाएं और छात्राएं घर से बाहर निकलने में डरती थीं, और अंधेरा होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता था। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने वर्ष 2005 में सत्ता की बागडोर संभालने के बादकानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। अपराध नियंत्रण के लिए सख्त अभियान चलाए गए, पुलिस व्यवस्था को मजबूत और आधुनिक बनाया गया। उन्होंने कहा कि 2005 के बाद से कानून-व्यवस्था राष्ट्रीय जनतान्त्रिक गठबंधन (राजग)सरकार की सबसे बड़ी यूएसपी रही है और अपराध के खिलाफ 'जीरो टाॅलरेंस' की नीति पर सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित