जयपुर , जनवरी 19 -- राजस्थान में 23 जनवरी को प्रदेश के सभी राजकीय विद्यालयों में एक साथ मेगा पीटीएम का आयोजन किया जाएगा वहीं सभी पीईईओ, यूसीईईओ स्तर के विद्यालयों में निपुण मेले का आयोजन होगा।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन कॉमर्स कॉलेज जयपुर में किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शिरकत करेंगे। इस कार्यक्रम में लगभग पांच हजार विद्यार्थी, एक हजार अभिभावक, 500 शिक्षक, कॉलेज शिक्षा विभाग से पांच हजार प्रतिभागी तथा कौशल शिक्षा से जुड़े एक हजार प्रतिभागियों भाग लेने की संभावना है। यह आयोजन विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षक की त्रिस्तरीय सहभागिता को एक मंच पर सशक्त रूप से प्रस्तुत करेगा।
यह कार्यक्रम न केवल राज्य का अब तक का सबसे बड़ा शैक्षिक सहभागिता आयोजन होगा बल्कि अभिभावकों की सहभागिता के मामले में एक नया कीर्तिमान स्थापित करने की दिशा में भी एक निर्णायक कदम होगा। इस अवसर पर राज्यभर के प्रत्येक राजकीय विद्यालय में मेगा पीटीएम आयोजित की जाएगी, जिसमें अभिभावक अपने बच्चों के शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास से संबंधित जानकारी शिक्षकों से साझा मंच पर प्राप्त करेंगे।
इस ऐतिहासिक आयोजन में 65 लाख अभिभावकों की सहभागिता का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जो 31 अक्टूबर को आयोजित पिछले मेगा पीटीएम में निर्धारित 41 लाख के लक्ष्य से कहीं अधिक है। शिक्षा के विकास में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी को सशक्त करने की दिशा में यह प्रयास राजस्थान को न केवल राष्ट्रीय, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी विशिष्ट पहचान दिलाएगा।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिक्षा से जुड़ी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत निःशुल्क साइकिल वितरण, लगभग चार लाख बालिकाओं को डीबीटी के माध्यम से राशि हस्तांतरण तथा छह लाख विद्यार्थियों को ट्रांसपोर्टेशन वाउचर की राशि प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री लाभान्वित विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और प्रदेशभर के विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को संबोधित भी करेंगे। प्रदेश के सभी जिलों के डीओआईटी केंद्रों के माध्यम से राज्य के सभी राजकीय विद्यालय, जिला एवं ब्लॉक स्तर पर मुख्यमंत्री से वर्चुअली जुड़ेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित