लखीमपुर खीरी , मई 16 -- उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में एक मासूम बच्ची ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए तेंदुए के हमले का डटकर सामना किया और अपनी जान बचा ली। बच्ची की बहादुरी की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ब्लॉक बिजुआ के थाना फूलबेहड़ क्षेत्र स्थित ग्राम तनसूखपुरवा में शुक्रवार को विद्यालय के पीछे अचानक तेंदुए ने करीब 10 वर्षीय बच्ची पर हमला कर दिया। तेंदुए को सामने देखकर बच्ची घबराने के बजाय उससे भिड़ गई।
ग्रामीणों के मुताबिक बच्ची ने तेंदुए का पैर इतनी मजबूती से पकड़ लिया कि उसका एक नाखून तक उखड़ गया। बच्ची के साहस और विरोध के आगे तेंदुआ उसे छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला। घटना के दौरान आसपास मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
हमले में घायल बच्ची को उपचार के लिए ओयल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने तथा तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। वहीं क्षेत्र के लोग बच्ची की बहादुरी की सराहना करते हुए उसके बेहतर उपचार की मांग कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित