धार , मई 27 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के बाग वन क्षेत्र अंतर्गत ढिलवानी बीट में एक तेंदुए द्वारा गर्भवती गाय का शिकार किए जाने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार ग्राम ढिलवानी निवासी किसान शंकरसिंह मैथू अनारे की गर्भवती गाय शाम के समय बाड़े में नहीं मिली। परिजनों द्वारा तलाश करने पर कुछ दूरी पर गाय मृत अवस्था में पड़ी मिली। ग्रामीणों ने बताया कि किसी वन्यजीव ने गाय को आंशिक रूप से खा लिया था।
सूचना मिलने पर वन विभाग के कर्मचारी विजेंद्रपाल अजनारिया और बहादुरसिंह रणदा मौके पर पहुंचे। वन कर्मचारियों ने प्रारंभिक जांच में पुष्टि की कि गाय का शिकार किसी वन्यजीव, संभवत: तेंदुए द्वारा किया गया है।
वन विभाग ने बताया कि मामले में पंचनामा तैयार कर प्रकरण ऑनलाइन पोर्टल पर भेजा जाएगा, ताकि प्रभावित किसान को मुआवजा दिलाया जा सके। अधिकारियों के अनुसार तेंदुए ने गाय के गर्भस्थ भ्रूण को भी खा लिया था।
वन कर्मचारी विजेंद्रपाल अजनारिया ने कहा कि घटना क्षेत्र में तेंदुए की सक्रिय मौजूदगी का संकेत देती है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से तेंदुए की लगातार आवाजाही देखी जा रही है, जिससे लोगों में भय व्याप्त है। ग्रामीणों ने वन विभाग से सर्चिंग अभियान चलाने और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित