भीलवाड़ा , नवंबर 01 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के करेड़ा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत चिताम्बा और आसपास के इलाकों में तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। जंगली हिंसक वन्यजीव द्वारा आए दिन मवेशियों पर किए जा रहे हमलों से स्थानीय ग्रामीणों में भारी भय का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेंदुए के डर से ग्रामीण अब अपने पशुओं को घरों से बाहर निकालने में भी कतराने लगे हैं। इसके बावजूद वन विभाग तेंदुए को पकड़ने में अब तक नाकाम रहा है।

सूत्रों ने बताया कि तेंदुआ लगभग रोजाना ही किसी न किसी मवेशी को अपना शिकार बना रहा है। शनिवार को संजाडी गांव में तेंदुए ने एक बैल पर हमला कर उसे मार डाला। ग्रामीण इस घटना के खौफ से उबर भी नहीं पाए थे कि रविवार को रलायता गांव में तेंदुए ने एक अन्य बछड़े को अपना निवाला बना लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित