पौड़ी , अप्रैल 23 -- उत्तराखंड में पौड़ी विकासखंड के बमठी गांव में बुधवार को तेंदुए (गुलदार) के हमले से एक महिला की मौत हो जाने से क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है।
यह घटना इलाके में गुलदार द्वारा की गई पांचवीं मौत बताई जा रही है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश भी देखा जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीता खंडूरी (62) को गुलदार ने उस समय अपना शिकार बना लिया जब वह गांव के पास ही मौजूद थीं। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को बरामद कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। घटना के बाद गांव में भय का माहौल बना हुआ है और लोग घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार गुलदार की गतिविधियां बढ़ रही हैं, लेकिन वन विभाग द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल कार्रवाई कर गुलदार को पकड़ने या मारने की मांग की है।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि टीम गुलदार की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और जल्द ही उचित कदम उठाए जाएंगे, ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित