कोलकाता , जून 16 -- तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद सौगत रॉय ने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर पश्चिम बंगाल में पार्टी नेताओं और कार्यालयों पर हो रहे हमलों पर तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है।

श्री रॉय ने अपने पत्र में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कालीघाट घर के बाहर तृणमूल प्रवक्ता और बेलियाघाटा विधायक कुणाल घोष पर अंडे से हमले का जिक्र करते हुए इस घटना को चिंताजनक बताया।

उन्होंने तृणमूल पार्टी कार्यालयों पर हमलों और चुनाव नतीजों के ऐलान के बाद राज्य के अलग-अलग हिस्सों में पार्टी नेताओं को निशाना बनाने के 'एग थेरेपी' प्रवृत्ति पर भी रोशनी डाली। श्री रॉय ने अपने पत्र की शुरूआत देश में नक्सली गतिविधियों से निपटने में केंद्र की कोशिशों के लिये श्री शाह को बधाई देकर की। उन्होंने फिर केंद्रीय मंत्री का ध्यान पश्चिम बंगाल में बिगड़ते राजनीतिक माहौल की ओर दिलाते हुए सामान्य हालात बहाल करने के लिए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

तृणमूल सांसद ने राज्य के जिलों से हिंसा और तोड़-फोड़ की कई घटनाओं के सामने आने और पार्टी सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री के घर के पास श्री कुणाल घोष पर हुए हमले का जिक्र करते हुए सुरक्षा की स्थिति पर चिंता जतायी।

गौरतलब है कि हाल ही में अंडों से हमलों की यह घटना तब शुरू हुई जब डायमंड हार्बर के सांसद और तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को सोनारपुर में एक दिवंगत पार्टी कार्यकर्ता के परिवार वालों से मिलने के लिए जाते समय निशाना बनाया गया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि तृणमूल नेता को मेडिकल मदद लेनी पड़ी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित