कोलकाता , मार्च 18 -- पश्चिम बंगाल में सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष पर दक्षिणी कोलकाता के कालीघाट और चेतला क्षेत्र के निवासियों को धमकाने का आरोप लगाया और उनके खिलाफ कार्रवाई की मुख्य चुनाव आयुक्त से मांग की।

तृणमूल कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखे पत्र में श्री घोष पर आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) के उल्लंघन का भी आरोप लगाया है।

श्री घोष आगामी विधानसभा चुनाव खड़गपुर सदर निर्वाचन क्षेत्र से लड़ रहे हैं।

कालीघाट में रहने वाली सुश्री बनर्जी का नाम लिए बिना श्री घोष ने शनिवार को कथित तौर पर कहा था कि कालीघाट और कमरहटी से तृणमूल कांग्रेस के विधायक मदन मित्रा के आवास पर भी इसी तरह के हमले हो सकते हैं। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सीधे तौर पर धमकी देते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता 'तैयार हैं और उन्हें पीटेंगे'। श्री घोष ने यह कथित बयान मध्य कोलकाता के चितरंजन एवेन्यू में भाजपा और तृणमूल कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प के बाद दिया था। उस समय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पास के ब्रिगेड परेड मैदान में एक रैली को संबोधित कर रहे थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित