ताइपे/बीजिंग , जुलाई 11 -- चक्रवाती तूफान बावी ने ताइवान और चीन के तटीय इलाकों में असर दिखाना शुरू कर दिया है और ताइवान में तूफान के कारण 36 लोग मामूली रूप से घायल हो गये हैं जबकि 14,210 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
दूसरी ओर चीन के कई पूर्वी प्रांतों में एहतियाती कदम उठाते हुए स्कूल, पर्यटन स्थल और कुछ परिवहन सेवाएं बंद कर दी गयी हैं।
ताइवान के केंद्रीय आपातकालीन संचालन केंद्र (सीईओसी) ने शनिवार सुबह बताया कि तूफान से हुई चोटों में अधिकतर साइकिल दुर्घटनाओं या आपदा से निपटने की तैयारियों के दौरान लगी चोटें शामिल हैं। घायलों को गिरने, कटने या गिरती वस्तुओं की चपेट में आने से चोटें आयी हैं, लेकिन सभी मामले मामूली हैं और अब तक किसी की मौत की सूचना नहीं है।
सीईओसी के अनुसार, मध्य ताइवान के युनलिन काउंटी में आठ और ताइचुंग में चार लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। अन्य घायलों की जगहों की जानकारी नहीं दी गयी है।
तूफान के मद्देनजर पूरे ताइवान में 14,210 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इनमें पूर्वी ताइवान का हुलिएन काउंटी सबसे अधिक प्रभावित रहा, जहां 5,167 लोगों को हटाया गया। इसके बाद ताइचुंग में 2,060 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
सीईओसी ने बताया कि तूफान बावी के कारण द्वीप पर तेज हवाओं और भारी बारिश का दौर जारी रहने की आशंका है। पूर्वी और उत्तरी तटों के साथ-साथ बाहरी मात्सु द्वीपों के आसपास समुद्र में ऊंची लहरें उठने का अनुमान है। अधिकारियों ने लोगों को समुद्र तटों से दूर रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने उत्तरी और पूर्वोत्तर ताइवान तथा पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। तेज बारिश से अचानक बाढ़ और जलभराव का खतरा जताया गया है। उत्तरी और मध्य ताइवान, तटीय क्षेत्रों तथा बाहरी द्वीपों के लोगों को तेज हवाओं के कारण घरों में रहने की सलाह दी गयी है।
अधिकारियों ने कीलुंग, न्यू ताइपे, ताइपे, ताओयुआन, शिनचू, मियाओली, ताइचुंग, नांतौ, युनलिन, चियाई और काओशियुंग समेत कई इलाकों को भूस्खलन के लिहाज से संवेदनशील बताया है। यिलान और हुलिएन के पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ बस्तियों के संपर्क से कटने की आशंका भी जतायी गयी है।
यिलान, न्यू ताइपे, ताओयुआन, शिनचू और मियाओली में शनिवार सुबह तक मलबा बहने की आशंका वाले 184 स्थानों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया था। इसके अलावा बड़े पैमाने पर भूस्खलन की आशंका वाले चार क्षेत्रों में भी अलर्ट जारी किया गया है।
गृह मंत्री लियू शिह-फांग ने अधिकारियों को पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, पत्थर गिरने, मलबा बहने और अचानक आने वाली बाढ़ के खतरे पर नजर बनाये रखने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने बताया कि समुद्र की खराब स्थिति को देखते हुए तटरक्षक प्रशासन ने गश्त बढ़ा दी है और तटीय चेतावनी क्षेत्रों में प्रतिबंध लागू किये गये हैं।
उन्होंने कहा कि करीब 27 हजार घरों में अब भी बिजली आपूर्ति बाधित है और बहाली का काम जारी है। हुलिएन काउंटी की माताइआन और वानली नदियों में भूस्खलन के कारण बने अस्थायी झीलों की भी निगरानी की जा रही है।
इस बीच, चीन में तूफान बावी के प्रभाव को देखते हुए पूर्वी तटीय प्रांतों झेजियांग और फुजियान में आपात तैयारियां तेज कर दी गयी हैं। चीन के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (एनएमसी) ने शनिवार सुबह तूफान को लेकर नारंगी चेतावनी जारी की।
एनएमसी के अनुसार, शनिवार सुबह छह बजे तक तूफान का केंद्र झेजियांग-फुजियान सीमा से करीब 540 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में था और इसके केंद्र के पास अधिकतम हवा की रफ्तार 14वें स्तर तक पहुंच गयी थी। तूफान के रविवार तड़के झेजियांग के ताइझोउ और फुजियान के फुदिंग के बीच तट से टकराने का अनुमान है।
चीन के प्राकृतिक संसाधन मंत्रालय के अनुसार, दक्षिणी पूर्वी चीन सागर में रविवार सुबह तक नौ से 13 मीटर ऊंची लहरें उठने का अनुमान है। उत्तरी पूर्वी चीन सागर में पांच से आठ मीटर और ताइवान जलडमरूमध्य में चार से छह मीटर ऊंची लहरें उठने की संभावना है।
तूफान के कारण शंघाई के पुडोंग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और होंगचियाओ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की उड़ान क्षमता प्रभावित होने की आशंका है। कई उड़ानें रद्द या कम की गयी हैं। निंगबो लीशे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने शनिवार को 164 उड़ानें रद्द कर दीं, जबकि हांगझोउ शियाओशान अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर करीब 198 उड़ानों के प्रभावित होने की सूचना है।
रेलवे प्रशासन ने भी हांगझोउ-शेनझेन रेलवे और हांगझोउ-वेनझोउ हाईस्पीड रेलवे समेत कई मार्गों पर 11 से 14 जुलाई के बीच कुछ सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित करने की घोषणा की है।
फुजियान की राजधानी फुझोउ में सभी स्कूलों और प्रशिक्षण संस्थानों को आमने-सामने की कक्षाएं, प्रशिक्षण, ग्रीष्मकालीन शिविर और अन्य सामूहिक गतिविधियां स्थगित करने के निर्देश दिये गये हैं। हांगझोउ के वेस्ट लेक क्षेत्र के पार्क, पर्यटन स्थल और संग्रहालय भी अस्थायी रूप से बंद कर दिये गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित