धार , अक्टूबर 18 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के धामनोद थाना पुलिस ने ग्राम कछवानिया के गिनावापुरा में अरहर की फसल के बीच उगाए गए गांजे के 60 पौधे जब्त किए हैं। जब्त पौधों का कुल वजन 49 किलो 267 ग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब चार लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चम्पू पिता सखाराम ने अपने खेत में गांजे के पौधे उगा रखे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को तुवर की फसल के बीच गांजे के छोटे-बड़े 60 पौधे मिले, जिन्हें उखाड़कर तौलने के बाद जब्त कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी चम्पू निवासी गिनावापुरा, कछवानिया के विरुद्ध अपराध क्रमांक 521/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर और एसडीओपी धामनोद अर्चना रावत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोषसिंह यादव के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक जयकिशन रायकवार सहित पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित