डेहरी आन सोन , मार्च 06 -- रोहतास जिले के तिलौथू प्रखंड में आयोजित भव्य मां तुतला भवानी महोत्सव के दौरान शुक्रवार को प्रसिध्द गायिका स्वाति मिश्रा ने अपने सुरमई भजनों से माहौल को भक्तिमय बना दिया।

पर्यटन विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन रोहतास ने संयुक्त रूप से पहली बार इस महोत्सव का आयोजन किया, जिसमें बड़े जनसमूह ने उत्साह के साथ भाग लिया।

महोत्सव का उद्घाटन आज डेहरी के विधायक राजीव रंजन उर्फ सोनू सिंह, उप विकास आयुक्त विजय कुमार पांडेय, डेहरी एसडीएम निलेश कुमार एवं जिला पर्यटन पदाधिकारी विनय प्रताप ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के अवसर पर अतिथियों ने मां तुतला भवानी के प्रति श्रद्धा प्रकट करते हुए कहा कि यह महोत्सव क्षेत्र के धार्मिक एवं पर्यटन महत्व को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम के दौरान देश के प्रसिद्ध कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। प्रसिद्ध गायिका स्वाती मिश्रा, पूजा चटर्जी, अरविंद अकेला कल्लू, अनुपमा यादव, वर्षा तिवारी एवं तान्या मवार ने भक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। साथ ही आनंद तिवारी, गुड्डू राज रसिया, विकास पांडेय ने भी अपने गीतों की प्रस्तुति की । कलाकारों की प्रस्तुति पर उपस्थित दर्शक झूमते रहे। इस दौरान तिलौथू विद्यालय के बच्चों की तरफ से नृत्य की प्रस्तुति की गई। महोत्सव में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज से आए लोगों ने भाग लिया।

पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुचारू रूप से संचालित की गईं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित