चंडीगढ़ , जून 23 -- हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसील कार्यालय सोनीपत में तैनात क्लर्क सचेत कुमार को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
ब्यूरो को दी शिकायत में एक व्यक्ति ने बताया कि उसके पिता के नाम पर कल्याण नगर, बत्रा कॉलोनी, सोनीपत स्थित मकान के लिए तहसील कार्यालय से क्लीयरेंस सर्टिफिकेट और अलॉटमेंट लेटर प्राप्त करना था। आरोप है कि इसके बदले क्लर्क सचेत कुमार ने 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत की जांच के बाद की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी को तहसील कार्यालय स्थित अपने कार्यालय में शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। टीम ने मौके से रिश्वत की राशि बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
ब्यूरो प्रमुख ए.एस.चावला ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच की जाती है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि सरकारी व्यवस्था में पारदर्शिता और जनता का विश्वास मजबूत हो सके।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत मांगता है, तो इसकी सूचना एंटी करप्शन ब्यूरो के टोल फ्री नंबर 1800-180-2022 या हेल्पलाइन नंबर 1064 पर दें। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और सूचना पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित