भरतपुर , जून 29 -- राजस्थान में डीग जिला मुख्यालय पर सोमवार को तीन सूत्रीय मांगों के समर्थन में पांच आशा सहयोगिनियों ने पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन किया।
उनके प्रदर्शन करने पर उपखण्डाधिकारी अमित मीणा, डीग कोतवाली थाना प्रभारी रामनरेश मीणा और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी विजय सिंगल ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन मांगो के पूरा होने से पहले आशा सहयोगिनियों ने टंकी से उतरने से इन्कार करके प्रशासन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
पानी की टंकी के पास प्रदर्शन कर रही आशा सहयोगिनियों में से एक महिला के बेहोश होकर गिर पड़ने पर उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। टंकी पर चढ़ी आशा सहयोगिनियों के नाम सुनीता फौजदार, शशि, रजनी, नरेश फौजदार और लोकेश बताये गये हैं।
उल्लेखनीय है कि संविदा नियम-2022 में शामिल किये जाने, राज्य कर्मचारी (चतुर्थ श्रेणी) के समकक्ष दर्जा प्रदान करने, न्यूनतम 24 हजार रुपए महीने मानदेय, सेवा निवृत्ति के बाद 10 लाख रुपए की एकमुश्त राशि एवं 12 हजार रुपए मासिक पेंशन दिये जाने की मांग को लेकर डीग के मेला मैदान में आशा सहयोगिनियों का पिछले 16 दिनों से धरना प्रदर्शन जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित