दरभंगा , जून 29 -- बिहार स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष एवं छात्र नेता दिलीप कुमार ने बिहार कर्मचारी चयन आयोग (बीएसएससी) की कार्यप्रणाली और परीक्षाओं में हो रही देरी को लेकर चिन्ता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे लाखों अभ्यर्थियों में आक्रोश है। छात्र नेता दिलीप कुमार ने सोमवार को बयान जारी कर मुख्यमंत्री एवं बिहार कर्मचारी चयन आयोग से द्वितीय इंटर स्तरीय, चतुर्थ स्नातक स्तरीय एवं प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी (बीएसओ) भर्ती परीक्षाओं की तिथि शीघ्र घोषित करने की मांग की।
छात्र नेता श्री कुमार ने कहा कि बीएसएससी द्वितीय इंटर स्तरीय बहाली का विज्ञापन 27 सितंबर 2023 को 11,098 पदों के लिए जारी किया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 26,426 पद कर दिया गया, लेकिन विज्ञापन जारी होने के लगभग 34 माह बाद भी प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) की तिथि घोषित नहीं की गई है, जबकि करीब 36 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं।
छात्र नेता ने कहा कि 04 अगस्त 2025 को 1,064 पदों के लिए बीएसएससी चतुर्थ स्नातक स्तरीय बहाली का विज्ञापन निकाला गया था, जिसकी पद संख्या बढ़कर 1,883 हो गई, लेकिन अभी तक परीक्षा कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है। वहीं प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी (बीएसओ) भर्ती का विज्ञापन मार्च 2025 में 682 पदों के लिए जारी हुआ, जिसकी परीक्षा तिथि भी अब तक घोषित नहीं हुई है।
श्री कुमार ने कहा कि बीएसएससी की विभिन्न परीक्षाओं की तिथि घोषित नहीं होने से 50 लाख से अधिक अभ्यर्थी मानसिक तनाव, निराशा और असमंजस की स्थिति में हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों तक परीक्षा प्रक्रिया लंबित रखना आयोग की छात्रों के प्रति संवेदनहीनता और गैर-जिम्मेदार रवैये को दर्शाता है।उन्होंने आरोप लगाया कि बीच भर्ती प्रक्रिया में 25 प्रतिशत संविदा वेटेज का प्रावधान जोड़ना बेरोजगार और मेहनती अभ्यर्थियों के हितों के खिलाफ है। इससे सामान्य अभ्यर्थियों को नुकसान होगा और भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं।
छात्र नेता दिलीप कुमार ने मांग की कि बीएसएससी अगले 10 दिनों के अंदर सभी लंबित परीक्षाओं की तिथि घोषित करे और संविदा वेटेज के प्रावधान को तत्काल हटाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो लाखों बीएसएससी अभ्यर्थी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे और बीएसएससी कार्यालय के बाहर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित