चंडीगढ़ , नवंबर 2 -- आम आदमी पार्टी (आप) के पंजाब प्रवक्ता नील गर्ग ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि उसे आप की चिंता करने के बजाय पंजाब में अपने घटते जनाधार और लोगों के बीच विश्वसनीयता पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा, उसके मुद्दे और पंजाब का विकास 'आप' की सबसे बड़ी ताकत हैं तथा कुछ विधायकों के पार्टी छोड़ने से इस पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

भाजपा नेताओं के उन दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए कि तीन विधायकों के पार्टी छोड़ने से आप का संगठन बिखर रहा है, श्री गर्ग ने कहा कि पार्टी इन विधायकों से काफी पहले ही दूरी बना चुकी थी। उन्होंने कहा कि विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह को जून 2025 में ही पार्टी से निलंबित कर दिया गया था। अन्य विधायकों के राजनीतिक फैसले उनका अपना मामला हैं।

श्री गर्ग ने कहा कि लोकतंत्र में किसी पार्टी का भविष्य जनता तय करती है। महत्वपूर्ण यह नहीं है कि कौन पार्टी छोड़ता है या उसमें शामिल होता है, बल्कि यह है कि उसकी नीतियां और इरादे राज्य के हित में हैं या नहीं।

भाजपा पर पंजाब के हितों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी को किसान आंदोलन के दौरान किसानों की मौतों, चंडीगढ़ पर पंजाब के दावे, राज्य के जल अधिकारों और पंजाब के रोके गए फंड को लेकर जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों के लिए किसानों का कल्याण, युवाओं के रोजगार, व्यापारियों के हित, मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं, मुफ्त बिजली और समान विकास जैसे मुद्दे अधिक महत्वपूर्ण हैं। श्री गर्ग ने दावा किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में आप सरकार के कामकाज और जनकल्याणकारी नीतियों के कारण लोग पार्टी के साथ हैं।

आ प्रवक्ता ने भाजपा से यह भी पूछा कि कुंवर विजय प्रताप सिंह द्वारा राघव चड्ढा पर पंजाब में नशीले पदार्थों की बिक्री को बढ़ावा देने में मदद करने के लगाए गए पुराने आरोपों पर उसका क्या रुख है। उन्होंने कहा कि अब दोनों नेताओं के भाजपा में होने के कारण पार्टी को इस मामले में अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित