चित्तौड़गढ़ , सितंबर 02 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ नशामुक्त भारत अभियान के तहत गत दिनों केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा देश के विभिन्न राज्यों के उच्च स्तरीय पुलिस अधिकारियों और खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों के सम्मेलन में दिये निर्देशों के अनुसार संयुक्त अभियान को लेकर राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात के अधिकारियों की बुधवार को चित्तौड़गढ़ में बैठक हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैठक में निर्देशों के पालन की समीक्षा की गई जिसमें तीन दिवसीय संयुक्त अभियान का अभ्यास का आयोजन किया गया। इसमें संयुक्त अभियान के दौरान प्राप्त अनुभवों एवं मुख्य बातों को साझा किया गया। साथ ही आगामी दिनों में इसे और अधिक प्रभावी बनाने के लिए चिन्हित क्षेत्र, संभावित क्षेत्रों और अपराधियों की विभिन्न कार्यप्रणालियों पर विशेष रूप से चर्चा की गई।

बैठक में राज्यों की पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए अपनाई जा रही रणनीतियों का भी आदान-प्रदान किया गया। संयुक्त अभ्यास का उद्देश्य अंतर्राज्यीय एवं अंतरजिला सीमाओं का अपराधियों द्वारा उठाए जाने वाले लाभ को समाप्त करना, फरार एवं सक्रिय अपराधियों को प्रभावी रूप से गिरफ्तार करना और उनके आपराधिक नेटवर्क को चिन्हित करके उसे जड़ से उखाड़ना है।

इस संयुक्त अभियान की शुरुआत सोमवार को हुई जिसमें तीन सौ दलों ने नशा तस्करी में लिप्त चालीस तस्करों एवं अन्य अपराधियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें मिली सफलता और कमियों की समीक्षा की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित