सिरसा , जून 29 -- हरियाणा में सिरसा के नाथूसरी चोपटा-नोहर मार्ग पर गांव जमाल के पास सोमवार को तीन मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गयी, जबकि पांच अन्य घायल हो गये। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सिरसा रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार, एक मोटरसाइकिल सिरसा रोड से गांव जमाल की ओर आ रही थी, जबकि दूसरी बाइक सिरसा की तरफ जा रही थी। इसी दौरान दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गयी। हादसे के तुरंत बाद वहां से गुजर रही तीसरी मोटरसाइकिल का चालक भी संतुलन खो बैठा और वह भी दोनों बाइकों से टकरा गया।
हादसे में छह युवक घायल हो गये। राहगीरों ने डायल 112 और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को पहले नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिरसा रेफर कर दिया गया।
गंभीर रूप से घायल जोगिंद्र कुमार (28) निवासी रूपावास, विनोद (26) निवासी रूपावास और भरत सिंह को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं संजय, पवन कुमार और अन्य घायलों को उनके परिजन निजी अस्पताल ले गये।
उपचार के दौरान गंभीर रूप से घायल विनोद ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित