सिवनी , जून 02 -- मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के धनौरा थाना क्षेत्र में आज तीन मोटरसाइकिलों की टक्कर में दो लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार कहानी-धनौरा मार्ग पर थांवरी गांव के समीप दोपहर लगभग साढ़े बारह बजे तीन मोटरसाइकिलें आमने-सामने टकरा गईं। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दो लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। धनौरा थाना प्रभारी मनीष बंसोड़ ने बताया कि मृतकों की पहचान सुमान सिंह उइके (50) निवासी ग्वारी धनौरा और गौतम उइके (22) निवासी मठदेवरी, थाना लखनादौन के रूप में हुई है।

दुर्घटना में घायल छह लोगों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धनौरा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया है। घायलों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित