भिण्ड , जुलाई 31 -- मध्य प्रदेश के भिण्ड जिले के गोहद क्षेत्र की ग्राम पंचायत तुकेड़ा में तीन माह से राशन नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की।

सरपंच मुरारी सिंह तोमर के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार राकेश कुमार श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया कि उचित मूल्य दुकान का संचालक पात्र हितग्राहियों को राशन देने के बजाय उसका दुरुपयोग कर रहा है। उनका कहना था कि कई हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाने के बाद भी उन्हें खाद्यान्न नहीं दिया गया, जिससे गरीब परिवारों के सामने खाद्यान्न का संकट पैदा हो गया है।

ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम तुकेड़ा की शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 104063 का संचालन जय भूमिया बाबा स्व-सहायता समूह द्वारा किया जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पिछले तीन माह से कई पात्र हितग्राहियों को नियमित रूप से राशन नहीं मिला है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गांव के शासकीय स्कूलों में पिछले चार माह से राशन नहीं पहुंचा है, जिससे मध्यान्ह भोजन एवं बच्चों के पोषण कार्यक्रम प्रभावित हो रहे हैं।

सरपंच मुरारी सिंह तोमर ने कहा कि गरीबों के हक का राशन किसी भी कीमत पर हड़पने नहीं दिया जाएगा और यदि जांच में अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

नायब तहसीलदार राकेश कुमार श्रीवास्तव ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र राशन वितरण शुरू नहीं हुआ तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित