बुरहानपुर , सितंबर 09 -- मध्यप्रदेश में बुरहानपुर जिले के नेपानगर थाना पुलिस ने अवैध पिस्टल बेचने के मामले में तीन माह से फरार चल रहे आरोपी को खरगोन से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी बंटी उर्फ ब्रजेश दावरे के कब्जे से पूर्व में अवैध पिस्टल, चाकू और कार बरामद हुई थी। इस मामले में पुलिस ने उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया था। इसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी आठ सितंबर को खरगोन न्यायालय में अपने विरुद्ध चल रहे एक अन्य मामले की पेशी पर पहुंचा है। इसके बाद नेपानगर पुलिस ने खरगोन न्यायालय परिसर से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित