रांची , अक्टूबर 01 -- झारखंड पुलिस मुख्यालय ने पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा जिले को अगले तीन महीने में नक्सलमुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

मुख्यालय ने चारों जिलों के एसपी को नक्सल विरोधी अभियान तेज करने का निर्देश दिया है। पलामू एसपी कपिल चौधरी, गढ़वा एसपी आशुतोष शेखर, लातेहार एसपी कुमार गौरव और चतरा एसपी अनिमेष नैथानी के नेतृत्व में अभियान चलाया जा रहा है।

हजारीबाग और पलामू रेंज के डीआईजी को पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर सीमावर्ती इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाने को कहा गया है। पुलिस के मुताबिक इन चार जिलों में छह इनामी नक्सली सक्रिय हैं। इनमें 15 लाख रुपये के इनामी नितेश यादव, 10 लाख के गोदराय यादव उर्फ संजय यादव, 10 लाख के मनोहर गंझू, पांच लाख के छोटेलाल भुईयां, पांच लाख के पंकज कोरबा और एक लाख रुपये के इनामी सुदेश्वर गंझू शामिल हैं।

पलामू-चतरा सीमा के अलावा बिहार से सटे इलाकों में भी पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। जंगल और सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं। बिहार पुलिस के साथ समन्वय कर नक्सलियों की आवाजाही और उनके संभावित सुरक्षित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, पूरे अभियान की मॉनिटरिंग आईजी अभियान नरेंद्र सिंह के स्तर से की जा रही है। पलामू रेंज के डीआईजी कौशल किशोर ने बताया कि मुख्यालय के निर्देश पर ऑपरेशन क्लीन के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस का भी सहयोग लिया जा रहा है और सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

पुलिस का फोकस जंगलों में नक्सलियों की तलाश के साथ-साथ उनके नेटवर्क, संभावित ठिकानों, सहयोगियों और सपोर्ट सिस्टम को तोड़ने पर भी है। पुलिस की ओर से नक्सलियों से हथियार छोड़कर आत्मसमर्पण करने की अपील की जा रही है। आत्मसमर्पण नहीं करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।

इधर, सीआरपीएफ की हाईटेक तकनीक से टीएसपीसी नक्सली शशिकांत गंझू और माओवादी नितेश यादव की गतिविधियों व संभावित ठिकानों से जुड़े इनपुट मिलने की बात सामने आई है। इन इनपुट के आधार पर संबंधित क्षेत्रों में पुलिस और सुरक्षाबलों की टीमें सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। सुरक्षा कारणों से अभियान के सटीक स्थान और अन्य ऑपरेशनल जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित