श्रीगंगानगर , जुलाई 13 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने तीन अवैध देशी पिस्तौल और एक कारतूस बरामद करके तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक हरीशंकर ने सोमवार को बताया कि घमूड़वाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने गश्त के दौरान चक 3 पीपी मोड़ के पास एक युवक को संदिग्ध अवस्था में रोककर तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा और एक कारतूस बरामद हुआ। आरोपी की पहचान गजानंद उर्फ बालकनाथ (21) के रूप में हुई। हिन्दुमलकोट थाना पुलिस ने ओडकी में अंडरब्रिज के पास जुगल किशोर (28) को गिरफ्तार किया। उस के पास से एक अवैध देशी पिस्तौल बरामद हुआ।
इसी प्रकार रावला थाना पुलिस ने चक 13 वाली आबादी क्षेत्र में राधेश्याम (21) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया गया। तीनों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामले दर्ज किये गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित