नयी दिल्ली , जुलाई 11 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी न्यूजीलैंड की सफल यात्रा के बाद शनिवार शाम स्वदेश रवाना हो गये।

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन उन्हें विदा करने के लिए स्वयं हवाई अड्डे तक आये। इससे पहले श्री लक्सन न्यूजीलैंड पहुंचने पर श्री मोदी का हवाई अड्डे पर स्वागत भी किया था।

विदेश मंत्रालय ने प्रधानमंत्री की यात्रा को सफल बताते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा है कि इससे द्विपक्षीय साझेदारी के मजबूत होने के साथ-साथ दोनों देशों के साझा भविष्य को नयी दिशा मिली है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री की तीन देशों की यात्रा से व्यापार, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा, शिक्षा, नवाचार तथा लोगों के बीच परस्पर संपर्क सहित अनेक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने वाले महत्वपूर्ण परिणाम सामने आये हैं।

विदेश मंत्रालय ने कहा, " एक ऐसी यात्रा जिसने संबंधों को और अधिक गहरा किया, साझेदारियों को मजबूत बनाया और साझा भविष्य को नयी दिशा दी। "न्यूज़ीलैंड में सार्थक चर्चाओं का समापन करने और प्रमुख परिणामों की समीक्षा के बाद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत के लिए रवाना हुए। विशेष सम्मान के रूप में, उन्हें हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री क्रिस लक्सन ने विदा किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड की तीन देशों की यात्रा से व्यापार, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा, शिक्षा, नवाचार तथा जन-से-जन संपर्क सहित अनेक क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने वाले महत्वपूर्ण परिणाम प्राप्त हुए।"उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री सोमवार को तीन देशों की छह दिन की यात्रा पर रवाना हुए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित