उदयपुर , जून 14 -- राजस्थान में उदयपुर में राष्ट्रीय तीर्थ प्रताप गौरव केन्द्र की ओर से मेवाड का शौर्यपूर्ण इतिहास के पन्नों को चित्रों के माध्यम से जन.जन तक पहुंचाने के लिए 15 जून से महाराणा भूपाल स्टेडियम गांधी मैदान में तीन दिवसीय चित्र प्रदर्शनी का आयोजन होगा।

प्रदर्शनी का उद्घाटन सायंकाल होगा और इसी के साथ हल्दीघाटी विजय पर बनाई गई लघु फिल्म के पोस्टर का भी लोकार्पण किया जाएगा।

प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने रविवार को बताया कि वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के तहत संचालित प्रताप गौरव केन्द्र "राष्ट्रीय तीर्थ" के तत्वावधान में गत एक वर्ष से मनाए जा रहे हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतुरूशती समारोह के तहत यह प्रदर्शनी 17 जून को होने जा रही विशाल राष्ट्र चेतना संकल्प सभा तक चलेगी।

उल्लेखनीय है कि इस संकल्प सभा को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत करेंगे। इस प्रदर्शनी के लिए अलग से पंडाल बनाया गया है। इसका आकार 60 गुना 80 फीट रखा गया है।

प्रदर्शनी संयोजक डॉ. रमन सूद ने बताया कि प्रदर्शनी में 51 चित्र हल्दीघाटी युद्ध सहित पूर्व में हुए जौहर और साकों से संबंधित रखे गए हैं। 68 चित्र उदयपुर शहर के विभिन्न गली, मोहल्लों, बाजारों के इतिहास से संबंधित रखे गए हैं। इसी तरह, 50 चित्र वे हैं जो गत वर्षों के दौरान महाराणा प्रताप जयंती के तहत आयोजित कार्यशालाओं में शहर और देश भर से आए चित्रकारों ने अपनी कूंची से उकेरे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित