शाहजहांपुर , फरवरी 17 -- उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर स्थित श्री रामचंद्र मिशन आश्रम में आयोजित बसंत उत्सव-2026 के दौरान देश के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मंगलवार को अपने तीन दिवसीय प्रवास पर ध्यान साधना के लिये पहुंचे।

रिलायंस परिसर में बने हेलीपैड पर उनके आगमन पर जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद पूर्व राष्ट्रपति काफिले के साथ आश्रम पहुंचे, जहां मिशन के सचिव उमा शंकर बाजपेई, संयुक्त सचिव अर्जुन अग्रवाल, गोपाल अग्रवाल, केंद्र प्रभारी सर्वेश चंद्रा तथा राज गोपाल अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने उनका अभिनंदन किया। आश्रम पहुंचकर श्री कोविंद ने पूज्य दाजी को पुष्पगुच्छ भेंट किया और उनसे भेंट कर ध्यान साधना में सहभागिता की।

बसंत उत्सव के दूसरे चरण के दूसरे दिन की शुरुआत सामूहिक ध्यान से हुई। देश-विदेश से आए हजारों अभ्यासी एकात्म भाव से ध्यान में लीन होकर मानव कल्याण एवं विश्व शांति की कामना करते दिखाई दिए। आश्रम परिसर श्रद्धा, शांति और साधना के वातावरण से आलोकित रहा।

इस अवसर पर पूज्य दाजी ने अपने संदेश में बाबूजी महाराज के वचनों का उल्लेख करते हुए कहा कि आत्मा अपनी जंजीरों से मुक्त होना चाहती है और मनुष्य का लक्ष्य ईश्वर से एकमय होना है। जब तक ध्येय की प्राप्ति न हो, तब तक साधना में निरंतरता बनाए रखना आवश्यक है।

ध्यान सत्र के उपरांत मिशन के अभ्यासी एवं भजन गायक चरन प्रीत ने "सजा दो घर गुलशन सा मेरे सरकार आए हैं" और "लालाजी की याद में हम सब खो जाएं" जैसे भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा पंडाल भक्ति भाव से सराबोर हो गया। सायंकालीन सत्र में भी पूज्य दाजी ने साधकों को ध्यान कराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित