उदयपुर , मार्च 07 -- राजस्थान के उदयपुर में कार्मिक विभाग के तत्वावधान में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित 12वीं राज्य अंतर संभागीय सिविल सेवा खेलकूद प्रतियोगिता का शनिवार को भव्य समापन हुआ।
खेलगांव में आयोजित समापन समारोह में विभिन्न खेलों के विजेताओं को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान करके सम्मानित किया गया। समापन समारोह में संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी एडीएम दीपेंद्रसिंह राठौड़ ने बताया कि तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में 145 महिला एवं 638 पुरुष प्रतिभागियों सहित कुल 783 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में शिरकत की।
प्रतियोगिता में शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबलों में वॉलीबॉल पुरुष वर्ग के फाइनल में अजमेर संभाग ने जोधपुर संभाग को कड़े मुकाबले में हराकर खिताब अपने नाम किया। क्रिकेट के फाइनल मुकाबले में उदयपुर संभाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जयपुर संभाग को आठ विकेट से पराजित करके विजेता बनने का गौरव हासिल किया। कबड्डी पुरुष वर्ग में जयपुर मुख्यालय की टीम विजेता रही जबकि अजमेर उपविजेता रहा। महिला कबड्डी वर्ग में जयपुर मुख्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और जयपुर संभाग उपविजेता रहा।
बास्केटबॉल पुरुष वर्ग में जोधपुर संभाग ने खिताब जीता और बीकानेर संभाग उपविजेता रहा। लॉन टेनिस पुरुष वर्ग में जयपुर संभाग विजेता रहा और बीकानेर संभाग उपविजेता रहा। वहीं महिला लॉन टेनिस वर्ग में जयपुर विजेता और उदयपुर उपविजेता रहा। वहीं बैडमिंटन पुरुष वर्ग में जयपुर संभाग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कोटा संभाग उपविजेता रहा। महिला बैडमिंटन वर्ग में उदयपुर विजेता रहा और बीकानेर उपविजेता रहा।
टेबल टेनिस पुरुष वर्ग में जोधपुर संभाग विजेता और बीकानेर संभाग उपविजेता रहा। वहीं महिला टेबल टेनिस वर्ग में उदयपुर ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि जयपुर संभाग उपविजेता रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित