बेतिया , सितंबर 25 -- बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के चनपटिया थाना क्षेत्र में तीन दिन से लापता 22 वर्षीय युवती का शव शुक्रवार को घर से करीब 400 मीटर दूर हाईस्कूल के समीप स्थित पोखर से बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, स्टेशन रोड वार्ड संख्या-10 निवासी अनवर कुरैशी की पुत्री रेशमा खातून 23 सितंबर की शाम अचानक घर से लापता हो गयी थी। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद उसका पता नहीं चलने पर चनपटिया थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करायी थी।

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को पोखर में युवती का शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोखर से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल, बेतिया भेज दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित