पटना , मई 27 -- युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय स्वास्थ्य एवं संबद्ध क्षेत्र रोजगार मेला का बुधवार को समापन पटना के ज्ञान भवन परिसर में किया गया।
रोजगार मेले में युवाओं ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया, इसमें 70 हजार से अधिक युवाओं ने ऑनलाईन आवेदन किया वहीं 16 हजार से अधिक ने भाग लिया। समापन समारोह में विभागीय मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने स्वास्थ्य एवं संबद्ध क्षेत्र रोजगार मेला नामक पुस्तक का विमोचन किया। साथ ही मंच पर नवनियुक्त 15 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौपा।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि पिछले तीन दिनों में प्राप्त परिणाम बिहार के युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और सरकार की रोजगारोन्मुखी सोच का प्रमाण हैं। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि रोजगार प्राप्त करना केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि परिवार और समाज के विश्वास की जीत भी है। उन्होंने कहा कि इस तीन दिवसीय रोजगार मेले में 10 हजार 882 युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ है। इनमें सात हजार से अधिक पुरुष और दो हजार महिलाएं शामिल है। लगभग दो हजार युवाओं को बिहार में एवं लगभग छह हजार युवाओं को राज्य से बाहर विभिन्न जगहों पर रोजगार प्राप्त हुआ है, 1984 प्रतिभागियों ने विदेशों में उपलब्ध नौकरी में रुचि दिखाई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित