कोलकाता , जून 16 -- तृणमूल कांग्रेस अभिषेक बनर्जी विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान दिये गये कथित भड़काऊ बयान के मामले में पिछले तीन दिनों में तीसरी बार मंगलवार को यहां सीआईडी के सामने पेश हुए।

श्री बनर्जी को इससे पहले रविवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा से जुड़े कथित फर्जी हस्ताक्षर मामले में तलब किया गया था। इस बार सीआईडी ने चुनाव प्रचार के दौरान उनकी विवादास्पद 'डीजे' टिप्पणी से जुड़ी शिकायत पर पूछताछ के लिए बुलाया था।

सूत्रों के अनुसार, इस बयान को लेकर साल्ट लेक में श्री बनर्जी के खिलाफ एक साइबर शिकायत दर्ज करायी गयी थी। शिकायत के बाद, राज्य पुलिस की खुफिया शाखा के अधिकारियों ने पिछले शुक्रवार को कालीघाट के पटुआपारा इलाके में स्थित उनके आवास पर एक नोटिस तामिल कराया था।

श्री बनर्जी आज सुबह करीब 11:45 बजे अपने आवास से निकले और दोपहर 12 बजे पेश होने के अपने निर्धारित समय से कुछ मिनट पहले भवानी भवन पहुंच गये। विजिटर रजिस्टर में हस्ताक्षर करने के बाद वह पूछताछ के लिए सीआईडी मुख्यालय के भीतर चले गये।

डीजे बजाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा था, "डीजे निश्चित रूप से बजेगा, और यह इतनी जोर से बजेगा कि आपके कान बजने लगेंगे।"इससे पहले रविवार को सीआईडी के अधिकारियों ने कथित फर्जी हस्ताक्षर मामले में श्री बनर्जी से करीब साढ़े आठ घंटे तक पूछताछ की थी। उस मौके पर भी वह तय समय से 17 मिनट पहले सीआईडी दफ्तर पहुंच गये थे। तृणमूल कांग्रेस के विधायक कुणाल घोष भी उसी दिन बाद में सीआईडी के सामने पेश हुए और दावा किया कि जांच के दौरान दोनों नेताओं से आमने-सामने बिठाकर पूछताछ की गयी।

प्राथमिक विद्यालय भर्ती मामले के सिलसिले में केंद्रीय जांच अधिकारियों ने सोमवार को भी श्री बनर्जी को तलब किया था। साल्ट लेक के सीजीओ कॉम्प्लेक्स में उनसे करीब 11 घंटे तक पूछताछ की गयी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित