गिरिडीह , जुलाई 07 -- झारखंड के गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र के कल्याणडीह निवासी 50 वर्षीय सुधीर साहू का शव मंगलवार शाम करीब 5 बजे आरसीटी सेंटर के समीप एक बरगद के पेड़ से फंदे पर लटका मिला।

शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सुधीर साहू शनिवार दोपहर करीब 3 बजे घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई पता नहीं चलने पर परिजनों ने पचम्बा थाना में गुमशुदगी का आवेदन देकर उनकी तलाश की गुहार लगाई थी।

मंगलवार शाम स्थानीय लोगों ने आरसीटी सेंटर के समीप बरगद के पेड़ पर एक व्यक्ति का शव फंदे से लटका देखा। इसके बाद इसकी सूचना परिजनों और पचम्बा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।

पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

मृतक के पुत्र प्रिंस कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। उनके पिता पिछले तीन दिनों से लापता थे, इसलिए वह मौके पर पहुंचे। वहां जाकर देखा तो फंदे से लटका शव उनके पिता का था। प्रिंस कुमार ने फिलहाल किसी पर हत्या का संदेह नहीं जताया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित