ग्वालियर , जुलाई 16 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में साइबर ठगी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पुलिस के अनुसार पिछले तीन दिनों में साइबर ठगी के 10 मामले सामने आए हैं। इनमें पड़ाव, मुरार और महाराजपुरा थाना क्षेत्रों के तीन मामलों में पीड़ितों से कुल 2.82 लाख रुपये से अधिक की ठगी की गई है।

पुलिस के अनुसार पड़ाव थाना क्षेत्र की लक्ष्मीबाई कॉलोनी निवासी 29 वर्षीय ललित स्वामी ने शिकायत दर्ज कराई है कि उन्हें अप्रैल में टेलीग्राम के एक समूह में जोड़ा गया था। प्रारंभ में ऑनलाइन कार्य के बदले कुछ राशि देकर विश्वास हासिल किया गया। इसके बाद अधिक मुनाफे का लालच देकर उनसे 15 से 18 अप्रैल के बीच विभिन्न किस्तों में एक लाख 65 हजार 782 रुपये जमा करा लिए गए। बाद में कथित मुनाफे की राशि नहीं मिली और अतिरिक्त रकम की मांग की जाने लगी। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।

मुरार क्षेत्र निवासी शैलेन्द्र गुर्जर ने शिकायत में बताया कि 10 जुलाई को उन्हें एक व्यक्ति ने बैंक खाते की केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर फोन किया। इसके बाद व्हाट्सएप पर भेजी गई एक एपीके फाइल डाउनलोड करने पर उनका मोबाइल कथित रूप से हैक हो गया और यूको बैंक खाते से दो लेनदेन में 73 हजार 499 रुपये निकाल लिए गए।

इसी तरह महाराजपुरा थाना क्षेत्र के आदित्यपुरम निवासी 34 वर्षीय अजीत सिंह तोमर ने शिकायत दर्ज कराई कि सात जुलाई को व्हाट्सएप पर प्राप्त एपीके फाइल डाउनलोड करने के बाद उनका मोबाइल हैक हो गया और उनके बैंक खाते से दो लेनदेन में 44 हजार रुपये निकाल लिए गए। पुलिस ने तीनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा लोगों से अनजान लिंक और एपीके फाइल डाउनलोड नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन लेनदेन से सतर्क रहने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित