बीजापुर , अक्टूबर 31 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में स्थित इंद्रावती टाइगर रिजर्व में करीब तीन दशक के लंबे अंतराल के बाद रविवार से जंगल सफारी शुरू होने जा रही है। इसके लिए वन विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुरुआती चरण में पर्यटकों को नौ किलोमीटर के निर्धारित मार्ग पर चार जिप्सी वाहनों के माध्यम से जंगल की सैर कराई जाएगी।
वन विभाग से आज मिली जानकारी के अनुसार वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में शुरू की जा रही इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में पर्यटन को प्रोत्साहित करने के साथ स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर विकसित करना है। बीजापुर में सुरक्षा परिस्थितियों में आए बदलाव के बीच पर्यटन गतिविधियों के विस्तार की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इंद्रावती टाइगर रिजर्व क्षेत्रफल की दृष्टि से देश का चौथा सबसे बड़ा टाइगर रिजर्व है। वर्ष 1981 में इसे राष्ट्रीय उद्यान का दर्जा दिया गया था, जबकि 1982-83 में इसे प्रोजेक्ट टाइगर में शामिल किया गया। रिजर्व का कुल क्षेत्रफल 2,799.07 वर्ग किलोमीटर है, जिसमें 1,258.37 वर्ग किलोमीटर कोर तथा 1,540.70 वर्ग किलोमीटर बफर क्षेत्र शामिल है।
जैव विविधता से समृद्ध इस वन क्षेत्र में बाघ, तेंदुआ, जंगली भैंसा, गौर, चीतल और ऊदबिलाव सहित विभिन्न वन्यजीव पाए जाते हैं। इसके अलावा भारतीय गिद्ध और सफेद पीठ वाले गिद्ध जैसी दुर्लभ पक्षी प्रजातियों का भी यह प्राकृतिक आवास है।
सफारी के पहले चरण में उल्लूर गांव से उंडलापर्ती तक लगभग नौ किलोमीटर लंबा मार्ग निर्धारित किया गया है। पर्यटकों की सुविधा के लिए चार जिप्सी वाहन लगाए गए हैं। प्रति वाहन सफारी शुल्क दो हजार रुपये निर्धारित किया गया है। पर्यटकों की संख्या बढ़ने पर वाहनों की संख्या में विस्तार करने की योजना है।
इस पर्यटन परियोजना में स्थानीय युवाओं को भी भागीदारी दी गई है। छह युवाओं को सफारी गाइड और वाहन चालक के रूप में प्रशिक्षित किया गया है। ये युवा पर्यटकों को वन्यजीवों, वनस्पतियों और क्षेत्र की जैव विविधता के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराएंगे।
सफारी प्रवेश द्वार के समीप पारंपरिक मिट्टी के मकानों की शैली में जलपान गृह भी विकसित किया गया है। यहां पर्यटकों को स्थानीय व्यंजनों और ग्रामीण परिवेश का अनुभव मिल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित