बैतूल , सितंबर 15 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पुलिस ने जुआ-सट्टे के खिलाफ अभियान के तहत मुलताई, सारणी और चोपना थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग जुआ फड़ों से 19 आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 29 हजार 375 रुपये नकद और 156 ताश के पत्ते जब्त किए हैं। तीनों मामलों में जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार मुलताई थाना क्षेत्र में 13 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर नेहरू वार्ड स्थित नागदेव मंदिर के समीप गली में एक टपरी पर दबिश दी गई। यहां छह लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलते मिले। पुलिस ने मौके से एक हजार 225 रुपये और 52 ताश के पत्ते जब्त किए। मामले में धनराज प्रजापति, गोविंद उर्फ गुड्डू साहू, सुरेंद्र विश्वकर्मा, नरेंद्र विश्वकर्मा, ऋषि साहू और आसिफ सिंघानिया को पकड़ा गया। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 770/26 दर्ज किया गया है।

इसी तरह सारणी थाना पुलिस ने 15 सितंबर की रात करीब 1.15 बजे बगडोना स्थित सपरा पेट्रोल पंप के पीछे जुआ खेल रहे सात लोगों को पकड़ा। पुलिस ने मौके से 26 हजार 640 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए। पकड़े गए आरोपियों में दीपक पवार, पिन्टू मालवीय, सुनील मोहबे, राकेश आहके, शमशेर खान, सलीम मियां और मोन्टी भलावी शामिल हैं। इस मामले में अपराध क्रमांक 330/26 दर्ज किया गया है।

चोपना थाना पुलिस ने 14 सितंबर को ग्राम शांतिपुर-1 में श्मशान के पास बने शेड में जुआ खेल रहे छह लोगों को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से एक हजार 510 रुपये और 52 ताश के पत्ते जब्त किए गए। पकड़े गए आरोपियों में अरुण मंडल, दिजेश मंडल, प्रदीप कुंडू, अश्विनी राय, रामपाल भोरसे और सुदेव सरदार शामिल हैं। इस मामले में अपराध क्रमांक 135/26 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक तीनों कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देश पर संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित