हनुमानगढ़ , जुलाई 07 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के नोहर थाना क्षेत्र में पुलिस ने तीन कुख्यात बदमाशों सहित चार नशा तस्करों के अतिक्रमणों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।

पुलिस अधीक्षक नरेंद्रसिंह मीणा ने मंगलवार को बताया कि अरशद उर्फ कालू, अजरु उर्फ अजरुद्दीन, सद्दाम पठान उर्फ शाहनवाज और आमिर नोहर थाना के कुख्यात बदमाश हैं। अरशद उर्फ कालू के विरुद्ध नशीले द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) के छह मामले दर्ज हैं। अजहरुद्दीन के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट, हत्या और हत्या के प्रयास और मारपीट के करीब 25 मामले दर्ज हैं। सद्दाम पठान उर्फ शाहनवाज के विरुद्ध हत्या और हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम, दुष्कर्म, मारपीट और आबकारी अधिनियम के 15 मामले दर्ज हैं जबकि आमिर के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम का एक मामला दर्ज है।

उन्होंने बताया कि इन आरोपियों ने नोहर में अपने मकानों के आसपास नगर पालिका की जमीन पर कब्जा किया था। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गिरिराज रत्तू,कनिष्ठ अभियंता सुशील सिहाग और भूमि शाखा प्रभारी जगदीशचंद्र की मौजूदगी में आज पुलिस बल ने उनके सभी अतिक्रमण ध्वस्त कर दिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित