पन्ना , सितम्बर 25 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने 3.048 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जप्त हुए गांजा की अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस सूत्रों से आज मिली जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी गुनौर बलबीर सिंह को सूचना प्राप्त हुई कि बालाजी बाईपास तिराहा गुनौर के पास एक व्यक्ति काले रंग के पिट्ठू बैग में अवैध गांजा लेकर खड़ा है।

सूचना पर पुलिस टीम आवश्यक विवेचना सामग्री के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम शालिकराम पटेल (31) निवासी धनोखर, थाना गुनौर, जिला पन्ना बताया।

तलाशी लेने पर आरोपी के बैग से बरसाती में पैक एवं टेप से लिपटे तीन पैकेट बरामद हुए। गांजे को विधिवत जप्त कर सीलबंद किया गया तथा आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध थाना गुनौर में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित