नयी दिल्ली , जून 22 -- इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने बताया है कि नया आधार ऐप देशभर में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।

मंत्रालय ने आज बताया कि नया आधार ऐप लॉन्च होने के पांच महीने से भी कम समय में इसे 3.1 करोड़ से अधिक बार डाउनलोड किया जा चुका है। मंत्रालय के अनुसार यह उपलब्धि लोगों के बीच ऐप की बढ़ती उपयोगिता और उस पर बढ़ते भरोसे को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि लोगों के जीवन को सरल बनाने के उद्देश्य से विकसित यह ऐप मोबाइल नंबर अपडेट, पता अपडेट और पहचान सत्यापन जैसी कई महत्वपूर्ण सेवाएं सीधे स्मार्टफोन पर उपलब्ध करा रहा है। अब तक लगभग 40 लाख लोगों ने नए आधार ऐप के माध्यम से अपना मोबाइल नंबर अपडेट किया है, जबकि करीब 8.5 लाख लोगों ने ऐप का उपयोग कर अपना पता अपडेट कराया है।

नया आधार ऐप आधार धारकों को अपनी पहचान सुरक्षित और गोपनीय तरीके से दिखाने, साझा करने तथा सत्यापित करने की सुविधा प्रदान करता है। ऐप में एक क्लिक पर बायोमेट्रिक लॉक एवं अनलॉक, फेस ऑथेंटिकेशन, प्रमाणीकरण इतिहास देखने और क्यूआर-कोड आधारित डिजिटल संपर्क कार्ड साझा करने जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा उपयोगकर्ता ई-आधार डाउनलोड कर सकते हैं और आधार सेवा केंद्रों पर जाने के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट भी बुक कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित