हल्द्वानी , जुलाई 13 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित तीनपानी बाईपास पुल पर हुए भीषण सड़क हादसे के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने सोमवार को घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की गहन समीक्षा की।

उन्होंने भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों वाहनों की दिशा, सड़क की स्थिति, मोड़ की बनावट और अन्य तकनीकी पहलुओं का बारीकी से अध्ययन किया।

उन्होंने अधिकारियों को दुर्घटना के सभी पहलुओं का वैज्ञानिक एवं तकनीकी परीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने और आवश्यक सुधारात्मक उपाय सुझाने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने कहा कि यह अत्यंत दुखद और गंभीर सड़क दुर्घटना है, जिससे वाहन चालकों, पुलिस और समाज सभी को सीख लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन, निर्धारित गति सीमा का अनुपालन और सतर्क होकर वाहन चलाना ही ऐसे हादसों को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है।

उन्होंने यह भी कहा कि नैनीताल पुलिस सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन के लिए आगे भी लगातार अभियान चलाती रहेगी तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जाएगा।

गौरतलब है कि 11 जुलाई की रात लालकुआं की ओर से आ रही स्कॉर्पियो ने तीनपानी बाईपास पुल के घुमाव पर एक स्कूटी को टक्कर मार दी थी। इस भीषण दुर्घटना में स्कूटी सवार चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित