टिहरी , जून 02 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को देवप्रयाग क्षेत्र के तीनधारा के पास यात्रियों से भरी एक बस दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बचा लिए गए। दुर्घटना में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार बस तीनधारा क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग, पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला। घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।

दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस की मदद से जल्द ही सुचारु कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित