रायपुर , अगस्त 05 -- छत्तीसगढ़ सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में बालिकाओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है।

राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा के प्रयासों से रायपुर जिले के तिल्दा विकासखंड के 50 ग्राम पंचायतों के शासकीय विद्यालयों में आधुनिक बालिका शौचालय निर्माण के लिए तीन करोड़ 50 लाख रुपये की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) मद से स्वीकृत इस राशि से तिल्दा क्षेत्र के चयनित 50 स्कूलों में प्रति यूनिट सात लाख रुपये की लागत से बालिका शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। इससे छात्राओं को स्कूलों में स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।

राजस्व मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव कई बार बेटियों की शिक्षा में बाधा बनता है। सरकार बेटियों के सम्मान, स्वास्थ्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में बनने वाले ये शौचालय केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि बालिकाओं के बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

प्रशासनिक स्वीकृति के तहत तिल्दा जनपद क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों के शासकीय विद्यालयों में एक-एक बालिका शौचालय का निर्माण किया जाएगा। चयनित गांवों में छपोरा, कोहका, मोहरेंगा, खौना, आलेसुर, कोटा, बोईरझीटी, अल्दा, मानपुर, इल्दा, सतभावा, सरोरा, भिंभौरी सहित 50 ग्राम पंचायतें शामिल हैं।

इस पहल को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों, छात्राओं और अभिभावकों में उत्साह है। जनप्रतिनिधियों ने इसे बालिका शिक्षा और स्वच्छता सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

श्री टंक राम वर्मा ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित