तिरुचि , जुलाई 23 -- तिरुचि के एक सरकारी अस्पताल में वार्ड में भर्ती एक बुजुर्ग महिला के पैर के अंगूठे को चूहे ने कथित तौर पर काट कर बुरी तरह जख्मी कर दिया।

यह घटना तिरुचि के महात्मा गांधी मेमोरियल सरकारी अस्पताल की है। कलकंदारकोट्टई के पास अलाथुर की रहने वाली 70 वर्षीय महिला आर तमिल कोडी अपने घर पर अचानक गिर जाने के कारण टखने में चोट लगने से घायल हो गयी थीं। उन्हें इस सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार (20 जुलाई) को उनका ऑपरेशन किया गया। इसके बाद ही उन्हें देखभाल के लिए सामान्य वार्ड में भेजा गया था। इसी वार्ड में बुजुर्ग महिला के बायें पैर के अंगूठे को चूहे ने बुरी तरह से काट लिया। चूहे के काटने से महिला के पैर का अंगूठा बुरी तरह से जख्मी हो गया।

यह घटना गुरुवार सुबह तब सामने आयी जब उनके बेटे विजयकुमार की नजर इस चोट पर पड़ी। उन्होंने आरोप लगाया, "मैं उन्हें चाय देने गया था और यह देखकर हैरान रह गया कि उनके पैर का अंगूठा पूरी तरह जख्मी हो चुका था। ऐसा लग रहा था कि इसे चूहों ने काट लिया है।"चिकित्सकों ने तुरंत कार्रवाई करते हुये उनकी जांच की और किसी भी तरह के संक्रमण को रोकने के लिए उन्हें टीके लगाये।

श्री विजयकुमार ने बताया कि उनकी मां को मधुमेह होने के कारण चूहे के काटने का अहसास नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि वार्ड में चूहों की मौजूदगी के बारे में पहले भी शिकायत की गयी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गयी।

श्री विजयकुमार ने कहा, "हमने वार्ड में चूहों को लेकर बार-बार शिकायत की, लेकिन कर्मचारियों ने इसे हलके में लिया। अब मेरी मां को इसका दुष्परिणाम भुगतना पड़ा है।" उन्होंने कहा कि घटना के बाद सवाल पूछे जाने पर अस्पताल के अधिकारियों ने टालमटोल वाले जवाब दिये।

अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण के अनुसार, उन्हें इस संबंध में कोई आधिकारिक शिकायत नहीं मिली थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित