शिवहर , अक्टूबर 22 -- बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत मतदान की तैयारियों के क्रम में मतदान दल कर्मियों को अंतिम नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर मतदान दलों का मिलान किया गया तथा मतदान कार्य के लिए आवश्यक निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराई गई।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी ने पीठासीन पदाधिकारियों, मतदान दल कर्मियों, स्टैटिक दंडाधिकारियों तथा सेक्टर-सह-जोनल दंडाधिकारियों को उनके दायित्वों के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील दायित्व है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी आपसी समन्वय, पूर्ण निष्पक्षता तथा सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
मतदान दलों के मिलान के दौरान कर्मियों को अपने नियुक्ति पत्र में अंकित मतदान केंद्र, दल संख्या एवं निर्धारित दायित्व की जानकारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पीठासीन पदाधिकारियों को अपने दल के सभी सदस्यों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा किसी सदस्य की अनुपस्थिति अथवा अन्य समस्या की स्थिति में संबंधित पदाधिकारी को तत्काल सूचित करने को कहा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित