बैतूल , अगस्त 13 -- हर घर तिरंगा अभियान के तहत गुरुवार को बैतूल में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। राष्ट्रीय ध्वज की आन, बान और शान के प्रति सम्मान तथा देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत इस रैली में 10 हजार से अधिक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। तिरंगे के साथ निकली रैली के दौरान पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारों से शहर गूंजता रहा।
रैली का शुभारंभ शहीद स्मारक पर वीर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। वीरांगना रानी दुर्गावती और छत्रपति शिवाजी महाराज को भी पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया गया। इसके बाद रैली लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम से रवाना हुई। रैली शिवाजी चौक, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कन्या विद्यालय गंज, टांगा चौक, दिलबहार चौक, रेलवे स्टेशन, मैकेनिक चौक, आदिवासी मंगल भवन, कारगिल चौक और अंबेडकर चौक होते हुए शिवाजी ऑडिटोरियम पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
रैली के मार्ग में सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने स्वागत स्टॉल लगाए। कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया गया। देशभक्ति गीतों के बीच जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, पूर्व सैनिक और स्कूली विद्यार्थी उत्साह से थिरकते नजर आए। कारगिल चौक पर वीर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
रैली में केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, अपर कलेक्टर वंदना जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपूसे, एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह, मुख्य नगरपालिका अधिकारी नवनीत पांडे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, पूर्व सैनिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए।
केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके ने कहा कि देशभर में हर घर तिरंगा यात्राओं का आयोजन नागरिकों में देशभक्ति और सामाजिक चेतना जागृत करने, सामाजिक समरसता मजबूत करने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उनकी कुर्बानियों के कारण ही देश आज स्वतंत्रता का आनंद ले रहा है।
श्री उईके ने नागरिकों से राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने तथा वर्ष 2047 तक भारत को विश्व का स्वर्णिम राष्ट्र बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। रैली को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात सहित अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। पूरे मार्ग में रैली का सुव्यवस्थित और गरिमामय आयोजन किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित