दरभंगा , अगस्त 12 -- कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन, दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।तिरंगा यात्रा का शुभारंभ कर्पूरी चौक स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद यात्रा कर्पूरी चौक से बेंता चौक, लहेरियासराय टावर होते हुए लोहिया चौक पहुंची। लहेरियासराय टावर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। लोहिया चौक पर संबोधन के बाद यात्रा का समापन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान से तथा समापन बिहार गीत के साथ किया गया। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा मार्ग देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के नारों से गूंजता रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर 'हर घर तिरंगा' अभियान के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर यात्रा में शामिल बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग के मंत्री सह दरभंगा जिले के प्रभारी मंत्री कुमार शैलेंद्र ने कहा कि देश को आजाद कराने में हजारों स्वतंत्रता सेनानियों और सैनिकों ने अपना बलिदान दिया। उनके त्याग और बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में राष्ट्रीय ध्वज को गर्व के साथ फहरा रहे हैं। देशभर में करोड़ों लोगों की तिरंगा यात्रा में सहभागिता राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रदर्शित करती है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष सह नगर विधायक संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के बाद 'हर घर तिरंगा' अभियान व्यापक जनचेतना के आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि 'हर घर तिरंगा, हर गांव तिरंगा, हर प्रतिष्ठान तिरंगा' के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है। प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय पर्वों पर अपने घर और प्रतिष्ठान पर राष्ट्रीय ध्वज लगाकर उसके प्रति सम्मान और स्वाभिमान की भावना प्रदर्शित करनी चाहिए।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत आयोजित तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता जिले में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की मजबूत भावना को दर्शाती है। तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, गौरव, एकता और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने जिलेवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रीय ध्वज की आन, बान और शान बनाए रखने की अपील की।
तिरंगा यात्रा में विधायक मुरारी मोहन झा, दरभंगा नगर निगम की महापौर अंजुम आरा, विधान पार्षद हरि सहनी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जला रड्डी, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, नगर आयुक्त राकेश कुमार गुप्ता, उप विकास आयुक्त स्वप्निल सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं अधिकारी मौजूद थे। एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड तथा 'मेरा युवा भारत' के सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित